दुर्ग // पुलिस लाइन दुर्ग में रविवार को दधीची सभागार में 10वीं एवं 12वीं कक्षा के CG बोर्ड तथा CBSE बोर्ड में टॉप टेन स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं मार्गदर्शन हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस परिवार के बच्चों को भी उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लाइफ एंड पैरेंटिंग कोच चिरंजीव जैन द्वारा विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र, लक्ष्य निर्धारण, तनावमुक्त अध्ययन एवं सकारात्मक सोच के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने, संवाद बनाए रखने एवं मोबाइल एवं टीवी से दूरी रखते हुए पारिवारिक वातावरण मजबूत करने संबंधी सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर शिक्षक आरिफ खान द्वारा विद्यार्थियों को भविष्य की पढ़ाई एवं करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा अनुशासन, मेहनत एवं सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने की अपील की गई। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की समस्याओं को समझने, उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनने एवं बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया गया। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं तथा अन्य छात्र-छात्राएं भी उनसे प्रेरणा प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुलिस लाइन दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में एमएस चंद्रा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सीपी तिवारी उप पुलिस अधीक्षक लाईन, नीलकंठ वर्मा रक्षित निरीक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





