मानस मंच निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा
जामुल // नगर पालिका परिषद जामुल में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने गजमाला पहनाकर उप मुख्यमंत्री श्री साव का स्वागत किया।
योजनाएं खोजें
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जामुल क्षेत्र के विकास के लिए 19 करोड़ 63 लाख 6 हजार रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मानस मंच निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रदेश सरकार के सुशासन में विकास कार्यों को गति मिली है और जनहितकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जामुल नगरपालिका को पिछले तीन वर्षों में विभिन्न योजनाओं एवं मदों से कुल 54 करोड़ 26 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। आज जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, उनकी शुरुआत अगले दिन से ही करने तथा कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं करने को कहा , ताकि नागरिकों को जल्द सुविधाएं मिल सकें।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि जामुल नगरपालिका को पूर्व में भी विभिन्न मदों एवं 15वें वित्त आयोग के तहत राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने क्षेत्र में कॉलेज, अस्पताल, मंगल भवन, पेयजल सुविधा तथा लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही सड़क सुदृढ़ीकरण, चौड़ीकरण, डामरीकरण एवं फोरलेन निर्माण से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी दी। सांसद श्री विजय बघेल ने भी स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके प्रयासों एवं योगदान को याद किया।
96 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
नगर पालिका परिषद जामुल में कुल 96 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी स्वीकृत राशि 18 करोड़ 32 लाख 87 हजार रुपये है। इनमें अधोसंरचना मद के 82 कार्यों के लिए 648.95 लाख रुपये, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत एक कार्य के लिए 8 करोड़ 48 लाख 48 हजार रुपये तथा 15वें वित्त आयोग मद के 13 कार्यों के लिए 3 करोड़ 35 लाख 43 हजार रुपये स्वीकृत हैं। वहीं 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत एक कार्य का लोकार्पण किया गया, जिसकी स्वीकृत राशि 1 करोड़ 30 लाख 19 हजार रुपये है। इस प्रकार भूमिपूजन एवं लोकार्पण के माध्यम से कुल 19 करोड़ 63 लाख 6 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात जामुल नगरवासियों को मिली।
इस अवसर पर सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, महापौर श्रीमती अल्का बाघमार, पूर्व विधायक सावला राम डहरे, प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा अशोक साहू, जिला प्रभारी राम जी भारती, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वरसिंह ठाकुर, भाजपा मंडल प्रभारी श्रीमती पूनम शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशांत (बंटी) गुप्ता सहित पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।











