कुम्हारी / मंगलवार को ग्राम रामपुर चोरहा में स्थित अटल आवास में रहने वाले 32 लोगों का सामान कुम्हारी नगर पालिका के अमले ने जबर्दस्ती निकालकर बाहर फेंक दिया। लोगों का आरोप है कि वो गरीब लोग हैं और उन्हें पालिका ने ही आवास आबंटित किया था। दुर्भावनावश उनका आबंटन निरस्त करने के लिये नोटिस दी जा रही थी जिसका उन्होंने जवाब भी पालिका में जमा कराया था। इसके बावजूद उनका आबंटन निरस्त कर दिया गया। और कब्जा खाली करने की नोटिस दिये बिना ही अचानक पालिका वाले दल बल सहित मकान खाली कराने पहुंच गए।

इसके बाद जबरदस्ती उनका सामान सड़कों पर फेंका जाने लगा। लोगों का कहना है कि उनके पास सर छुपाने के लिए और कोई जगह नही है। ऐसे में छोटे छोटे बच्चों को लेकर कहाँ जाएंगे। सभी पीड़ित परिवारों ने कुम्हारी पालिका द्वारा की गई इस अवैध और अमानवीय कार्यवाही के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि किसी भी कब्जे को बलपूर्वक हटाने से पूर्व कब्जा हटाने की नोटिस और सुनवाई का अवसर देना अनिवार्य है। लोगों का कहना है कि उन्होंने अटल आवास में आबंटित मकानों के लिये पालिका में पैसा जमा कराया है। ऐसे में बिना नोटिस दिये उनको अचानक बेदखल करना पूरी तरह से अवैधानिक है।
लोगों का यह भी कहना है कि उन्होंने हर बार पालिका में लिखित जवाब प्रस्तुत किया है और उनके पास इसकी पावती भी है। फिर भी पालिका ने झूठा आरोप लगाकर आबंटन निरस्त किया है। वे इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।








