संजीव कुमार शर्मा अडानी एसीसी जामुल माइंस के उच्च अधिकारी पद पर पदस्थ है
जामुल // 20 सितंबर को एसीसी कॉलोनी जामुल में अंजना शर्मा द्वारा अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद के चलते चूहे मारने की दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया गया था। जो कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों द्वारा उन्हें उपचार हेतु श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दिनांक 25 सितंबर को उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के पश्चात थाना जामुल पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की गई। मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर मृतिका के पति संजीव कुमार शर्मा द्वारा उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना पाए जाने पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 823/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
जामुल पुलिस ने 29 अक्टूबर को आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान संजीव कुमार शर्मा अडानी एसीसी जामुल माइंस के उच्च अधिकारी ने अपना अपराध स्वीकार किया । उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
घटना का कारण – प्रकरण में प्रारंभिक जांच के अनुसार पति-पत्नी के मध्य पारिवारिक विवाद होना सामने आया है। इसी विवाद के चलते महिला द्वारा चूहे मारने की दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी – संजीव कुमार शर्मा, उम्र 55 वर्ष, निवासी एमआईजी-78, जनता मार्केट के पास, पद्मनाभपुर, वर्तमान एसीसी कॉलोनी, जामुल, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
दुर्ग पुलिस की अपील – पारिवारिक विवाद अथवा घरेलू समस्याओं की स्थिति में आवेश में आकर कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं। आपसी विवादों का समाधान बातचीत, परामर्श एवं कानूनी सहायता के माध्यम से करने का प्रयास करें। किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा, प्रताड़ना अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। आपकी सतर्कता एवं समय पर की गई पहल किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकती है।





