नई दिल्ली- तमिलनाडु के कुन्नूर के पास भारतीय वायुसेना के Mi-17 V5 हेलिकॉप्टर हादसे में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत शहीद हो गए हैं. भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर सीडीएस जनरल बिपिन रावत की शहादत की पुष्टि की है. सीडीएस रावत की पत्नी मधुलिका रावत भी हेलिकॉप्टर में सवार थीं .सीडीएस बिपिन रावत और अन्य लोग Mi-सीरीज के हेलिकॉप्टर पर सवार थे. यह हेलिकॉप्टर तमिलनाडु में कोयंबटूर और सुलूर के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुआ. सीडीएस बिपिन रावत कोयंबटूर के पास सुलूर में भारतीय वायु सेना के अड्डे से कुन्नूर के वेलिंगटन जा रहे थे.
हेलिकॉप्टर हादसे में सीडीएस बिपिन रावत सहित उनकी पत्नी सहित 13 लोगों की मौत हुई है. भारतीय वायुसेना ने जानकारी दी है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी श्रीमती मधुलिका रावत और उसमें सवार 13 अन्य लोगों की मौत हो गई है. हादसे में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल भर्ती कराया गया है. घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम नेताओं ने भी दुःख जताया है.
बिपिन रावत का उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से नाता है. उनका परिवार पीढ़ियों से देश की सेना में अपनी सेवाएं देते आया है. उनके पिता लक्ष्मण सिंह रावत भी लेफ्टिनेंट जनरल रह चुके हैं.जनरल बिपिन रावत करीब छह साल पहले भी एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में बाल-बाल बचे थे. रावत 3 फरवरी 2015 को नगालैंड के दीमापुर में दुर्घटनाग्रस्त हुए चीता हेलीकॉप्टर में सवार थे. वह उस समय लेफ्टिनेंट जनरल थे.
बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से लो-विजिबिलिटी के कारण हादसा हुआ. तमिलनाडु के कुन्नूर में क्रैश हुए भारतीय वायुसेना हेलिकॉप्टर में सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत ने पायलट ग्रुप-कैप्टन पीएस चौहान और स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप के साथ उड़ान भरी थी. इस दौरान उनके साथ एक ब्रिगेडियर रैंक का अधिकारी समेत 14 लोग सवार थे.सूत्रों का कहना है कि सभी शवों का डीएनए टेस्ट किया जाएगा ताकि उनकी पहचान की जा सके.सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शामिल 14 में से 13 कर्मियों की मौत की पुष्टि हो गई है.वायुसेना की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है कि हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.
जनरल बिपिन रावत के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘मैं तमिलनाडु में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना से बहुत दुखी हूं जिसमें हमने जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों को खो दिया है. उन्होंने पूरी लगन से भारत की सेवा की. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. जनरल बिपिन रावत एक उत्कृष्ट सैनिक और एक सच्चे देशभक्त थे. उन्होंने हमारे सशस्त्र बलों और सुरक्षा तंत्र के आधुनिकीकरण में बहुत योगदान दिया. सामरिक मामलों पर उनकी अंतर्दृष्टि और दृष्टिकोण असाधारण थे. उनके निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है. ऊं शांति.








