दुर्ग // जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से जिला क्रीड़ांगन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज पीडब्ल्यूडी सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला क्रीडांगन समिति अभिजीत सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम के पुनर्विकास, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण, जर्जर भवनों के अपलेखन तथा खेल परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर सहमति बनाई गई।
बैठक में बताया गया कि पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम की भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया प्रारंभ किया जा है। इसके लिए बैडमिंटन कोर्ट की भूमि को छोड़कर शेष भूमि को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को 33 वर्ष की अवधि के लिए लीज पर देने का प्रस्ताव राज्य शासन को अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा। अधिकारियों को इस संबंध में अन्य जिलों में किए गए कार्यों का अध्ययन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम एवं मानस भवन को अत्यंत जर्जर और अनुपयोगी घोषित किए जाने के बाद दोनों भवनों के अपलेखन की कार्यवाही पर सहमति बनी। इसके बाद प्रस्तावित खेल अधोसंरचना विकास कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। स्टेडियम परिसर में संचालित दुकानों के अनुबंधों की समीक्षा करते हुए समिति ने सुरक्षा एवं विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों को अनुबंध की शर्तों के अनुसार एक माह का नोटिस जारी कर दुकानें खाली कराने का निर्णय लिया। साथ ही सुरक्षा निधि का समायोजन एवं भुगतान नियमानुसार किए जाने के निर्देश दिए गए। इस कार्य के लिए नगर निगम आयुक्त, एसडीएम दुर्ग एवं संबंधित अधिकारियों को अधिकृत किया गया है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डीएमएफ मद से निर्मित बैडमिंटन कोर्ट का समुचित रखरखाव, संचालन, मरम्मत और खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए इसे जिला क्रीड़ांगन समिति को हस्तांतरित किया जाएगा। वहीं प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि को अतिक्रमण एवं अवरोधों से मुक्त कराने के उद्देश्य से स्टेडियम परिसर और आसपास स्थित एसएलआरएम सेंटर, उद्यान, गुमटियों तथा अन्य अस्थायी एवं स्थायी संरचनाओं को नियमानुसार हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
जिला क्रीड़ांगन समिति के संचालन, लंबित वित्तीय मामलों एवं सुरक्षा निधियों के भुगतान पर भी बैठक में चर्चा हुई। समिति के कोषाध्यक्ष पद पर जिला कोषालय अधिकारी को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया, जिनके संयुक्त हस्ताक्षर से अध्यक्ष जिला क्रीड़ांगन समिति एवं कलेक्टर की स्वीकृति उपरांत भुगतान और वित्तीय निस्तारण की कार्यवाही की जाएगी। पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम एवं मानस भवन के अपलेखन, बीसीसीआई और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के साथ अनुबंध, शासन को प्रस्ताव प्रेषण तथा नवीन स्टेडियम निर्माण से संबंधित सभी विभागीय कार्यों के समन्वय के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी राज्य शासन छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ बीसीसीआई, नगर निगम, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से दुर्ग जिला प्रदेश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल होगा तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुमित अग्रवाल, अपर कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर उत्तम धु्रव, कबड्डी संघ अध्यक्ष शशी बघेल, अध्यक्ष चेम्बर ऑफ कामर्स श्री प्रहलाद रूंगटा, कोच एवं क्रिकेट खिलाड़ी श्री संजीव श्रीवास्तव, अध्यक्ष जिला क्रिकेट संघ विजय अग्रवाल, विनय गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य व अधिकारीगण उपस्थित थे।




