भिलाई। दीपावली त्योहार के नजदीक आते ही गोधन से निर्मित दीये, मूर्तियों एवं सीनरी की डिमांड भी बढ़ने लगती है, जिसको देखते हुये स्व. सहायता समूह की महिलाये भी विक्रय को लेकर व्यापक तैयारियों में जुट गई है। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे आज पावर हाउस बस स्टैंड पहुंचे उन्होंने महिलाओं का हौसला अफजाई किया, वहीं गोधन से निर्मित विभिन्न वैरायटी में तैयार उपलब्ध उत्पाद की सराहना की।
भिलाई का पावर हाउस बस स्टैण्ड दीये, सीनरी एवं मूर्तियों के विक्रय के लिये हब बना हुआ है। महिलाएं यहां वृहद रूप से पैकिंग कार्य में लगी हुई है। मांग अनुरूप अलग-अलग वैरायटी के दीये इस बार तैयार किये गये है। वहीं अगर अपने पसंदीदा अनुरूप दीये, मूर्तियां एवं सीनरी इत्यादि क्रय करना है तो उस मुताबिक भी पैकेट तैयार किये जा रहे है। रंग बिरंगे आकर्षक डिजाईनिंग दीये न्यूनतम 30 रूपए से 35 रूपये की रेंज में दर्जनों दीयो के सेट के साथ उपलब्ध है। श्री लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां, लक्ष्मी माता की चरण चिन्ह सहित गणपति दीये खरीदने लोग पहुंच रहे है। पैकेजिंग के कार्य में 11 महिलाएं प्रतिदिन लगी हुई है और वृहद स्तर पर मार्केटिंग की तैयारी की जा रही है। इस दौरान क्राइम डीएसपी विश्वास चंद्राकर, जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा एवं अल्पना चंद्राकर मौजूद रही।








