दुर्ग // शासकीय काम-काज में पारदर्शिता तथा योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के अनुक्रम में सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत दुर्ग जिले के ग्रामीण अंचलों में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जनपद पंचायत धमधा अंतर्गत ग्राम चीचा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 578 आवेदन प्राप्त हुए। मौके पर विभागीय अधिकारियों द्वारा 300 आवेदनों का निराकरण किया गया। शेष लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।

सुशासन शिविर में क्षेत्र की जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में क्षेत्र के 22 ग्राम पंचायत क्रमशः भांठाकोकड़ी, डोड़की, चीचा, अरसी, सुखरीकला, लिटिया, पुरदा, गाड़ाडीह, सेमरिया(लि), जोगीगुफा, हसदा, बिरेझर, खर्रा, टेमरी, फुण्डा, नवागांव (पु), पथरिया (डो), डोमा, पोटिया (से), सेवती, हिर्री और मड़ियापार के लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभायी।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस शिविर में क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों में अधिकारियों से रू-ब-रू चर्चा कर प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही प्राप्त आवदेनों का तत्परतापूर्वक निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन को परखना है, इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी को गांव-गांव तक पहुुंचाना है। विधायक श्री साहू ने अधिकारियों से कहा कि यदि जनता अपनी समस्या से परेशान हुई तो अधिकारियों को भी परेशानियों को झेलने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने ग्राम पंचायत के पंचायत सचिवों को भी संबंधित पंचायतों में पन्द्रहवें वित्त राशि से बेहतर कार्य करने के सुझाव दिये।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के बड़ी संख्या में हितग्राही लाभान्वित हुए। विधायक श्री साहू ने अपने करकमलों से मनरेगा के 10 हितग्राहियों को जॉब कार्ड, 05 हितग्राहियों को पीएम आवास चॉबी, 05 हितग्राहियों को स्वामित्व योजना प्रमाण पत्र, 04 हितग्राहियों को सामाजिक सहायता पेंशन स्वीकृति पत्र और 10 स्वच्छताग्राहियों को सम्मान पत्र प्रदान किया। उन्होंने दसवीं एवं बारहवीं परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने वाले 03 छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शिविर में क्षेत्र के 55 ओवदकों को मौके पर परिवहन विभाग द्वारा लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया गया।
शिविर में जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष पवन शर्मा, जनपद पंचायत धमधा के अध्यक्ष जीवन साहू, नगर पंचायत धमधा की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता अग्रवाल एवं क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि, एसडीएम सोनल डेविड, तहसीलदार बोरी तारसिंह खरे, जनपद पंचायत के सीईओ किरण कौशिक एवं समस्त विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित थे।





