मुंबई। मशहूर गायिका और भारत रत्न लता मंगेशकर का निधन हो गया है। वो 92 साल की थीं। कोरोना होने के बाद उनको पिछले महीने मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनका हालचाल जानने के लिए फैंस काफी बेताब थे। कल लता दीदी के घर और हॉस्पिटल के बाहर सुरक्षा कड़ी की गई थी। जिसके बाद फैंस किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हो गए थे। बाद में उनकी बहन और सिंगर आशा भोंसले ने हॉस्पिटल के बाहर मीडिया को बताया था कि लता मंगेशकर पहले से बेहतर हैं। हॉस्पिटल की ओर से भी जानकारी दी गई है कि लता दीदी का इलाज चल रहा है और वो रिस्पॉन्स कर रही हैं। लेकिन आज सुबह उनका निधन हो गया।

लता दीदी के स्वास्थ्य के लिए देशभर में कई जगह प्रार्थनाओं का दौर भी जारी था। बीती शाम को तमाम लोग उनसे मिलने आए थे। इनमें सीएम उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे भी थीं। उनके अलावा एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले, एक्टर श्रद्धा कपूर, पद्मिनी कोल्हापुरे और अन्य सिने कलाकार भी हॉस्पिटल पहुंचे थे। बाद में पीएम नरेंद्र मोदी का संदेश लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी लता दीदी से मिलने पहुंचे। पीयूष गोयल ने मुलाकात के बाद बताया था कि गायिका को वेंटीलेटर पर रखा गया है।
लता मंगेशकर काफी समय से वो घर में ही रहती आई थीं। कोरोना की तीसरी लहर के दौरान वो भी वायरस का शिकार हुईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लता मंगेशकर को पहले भी वेंटीलेटर पर रखा गया था। बाद में तबीयत ठीक होने पर वेंटीलेटर हटा दिया गया। तीन दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें फिर वेंटीलेटर पर रख दिया।







