जामुल। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रुद्रकुमार आज दुर्ग जिले के नगर पालिका जामुल के शिवपुरी में दो दिवसीय श्रीराम चरित मानस गान आनंद महोत्सव में शामिल हुए। इस आयोजन के लिए मंत्री गुरु रुद्रकुमार ने आयोजक श्रमिक कल्याण मानस मंडली समिति के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने श्रमिक कल्याण मानस मंडली की मांग पर मानस मंच के सामने डोम शेड निर्माण और 25 हजार रूपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने भक्त माता कर्मा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिवपुरी जामुल में बोर खनन की भी घोषणा की। इसके साथ ही मंत्री गुरु रुद्रकुमार ने नगर पालिक जामुल के वार्ड क्रमांक- 07 में शीतला माता मंदिर भवन निर्माण का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वार्ड वासियों को बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि इस मंदिर के बन जाने से अब बड़े-बड़े धार्मिक आयोजन यहां हो सकेंगे। उन्होंने आवश्यक मांगों को लेकर वार्ड वासियों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा प्रस्तुत मांगों को पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर जामुल नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता चन्नेवार,पार्षद सरोजनी चंद्राकर, पार्षद संजय देशलहरे, पार्षद गुल्ली साहू, पार्षद श्रीमती अश्विनी साहू, करीम खान, एल्डरमेन मन्नू ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, हीरा वर्मा, प्रशांत ठाकुर और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।





