महिला पर युवक ने धारदार हथियार से हमला
ग्राम रानीपरतेवा और करकरा पहुंच मार्ग से लगे खार में बुधवार सुबह ग्यारह बजे खेत में धान कटाई कर रही एक महिला पर युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस धारा 307 के तहत जुर्म दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं, महिला पर हमला होते देख घबराकर अन्य मजदूर धान कटाई छोडक़र भाग गए।
प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की नियत –
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रानीपरतेवा निवासी डोमन लाल यादव की पत्नी रेखा यादव (38) खेत में कटाई कर रही थी। इसी दरमियान गांव के युवक थनवार निषाद ने प्रेम प्रसंग के चलते रेखा यादव पर हत्या की नियत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने घायल महिला को तुरंत रायपुर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। छुरा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 307 धारा लगाकर एफ आईआर दर्ज किया गया है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














