दिल्ली // मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ की तरह बीजेपी ने राजस्थान के नए मुख्यमंत्री को लेकर भी चौंकाया है. भाजपा ने भजनलाल शर्मा को नए सीएम के लिए चुना है मंगलवार को विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया. पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने भजनलाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा. भजनलाल शर्मा सांगानेर से विधायक हैं. बीजेपी ने मध्य प्रदेश की तरह राजस्थान में भी दो डिप्टी सीएम बनाए हैं. दीया कुमारी सिंह और प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम बनाया गया है. जबकि वासुदेव देवनानी को विधानसभा का स्पीकर बनाया गया है. दीया कुमारी जयपुर की विद्याधर नगर सीट से जीती हैं. जबकि प्रेमचंद बैरवा जयपुर जिले की दूदू सीट से विधायक बने हैं l
भजनलाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रखा। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, सह-पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और सरोज पांडेय की मौजूदगी में नव निर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया। विधायकं दल का नेता चुने जाने के बाद भजनलाल ने पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह के साथ वरिष्ठ नेताओं और जनता का आभार व्यक्त किया। इसके बाद वह राज्यपाल के पास गए और सरकार बनाने का दावा पेश किया l
कहां से विधायक चुने गए हैं भजनलाल शर्मा
भजन लाल शर्मा सांगानेर से विधायक हैं. मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले भजनलाल शर्मा संगठन में लंबे समय से कार्यरत हैं. शर्मा, प्रदेश महामंत्री के तौर पर कार्य करते रहे हैं. बीजेपी ने उन्हें पहली बार जयपुर की सांगानेर जैसी सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ाया. मौजूदा विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काटकर भजनलाल शर्मा को प्रत्याशी बनाया था. सांगानेर सीट भाजपा का गढ़ कही जाती है. भजन लाल शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48081 वोटों से शिकस्त दी थी
संघ के करीबी माने जाते हैं भजनलाल शर्मा
बता दें कि भजनलाल शर्मा संघ के काफी करीबी माने जाते हैं। साथ ही पार्टी में भी उनकी अच्छी पकड़ हैं। भजनलाल शर्मा सामान्य वर्ग से आते हैं। भजनलाल शर्मा राजस्थान में पार्टी के महामंत्री के तौर पर काम कर रहे थे।








