दुर्ग // कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रति सोमवार को आयोजित होने वाले कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अरविंद एक्का ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी मांगों एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने कहा है।
आवेदन लेकर पहुचे वार्ड पार्षद ने पूर्व की भांति च्वाईस सेंटर में आधार कार्ड कार्य को पुनः प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने बताया कि आधार सेंटर कम होने की वजह से सभी आधार सेंटरों में भीड़ अधिक होने से आमजनता को आधार कार्ड से संबंधित कार्य करवाने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने पूर्व की भांति च्वाईस सेंटरों में आधार कार्ड का कार्य चालू करने जिनके पास सभी मशीनरी उपलब्ध है तथा जो आधार कार्ड का कार्य करने के इच्छुक हो उन सेंटरों में प्रतिदिन आधार कार्ड से संबंधित कार्य करने हेतु अधिकृत कर आधार कार्ड का कार्य करने हेतु अनुमति प्रदान करने की मांग की।










