सामान्य महिला सीट ने बदले समीकरण, भाजपा में 7 नामों की चर्चा तो कांग्रेस में 6 दावेदार सक्रिय; पूर्व अध्यक्षों के परिवार, अनुभवी पार्षद और नए चेहरों के बीच टिकट की जंग
जामुल // नगरीय निकाय चुनाव की आहट के साथ ही जामुल नगर पालिका में सियासी बिसात बिछने लगी है। 20 वार्डों वाली इस पालिका में अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बाद राजनीतिक दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब जीतने योग्य महिला चेहरे की तलाश है। भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों ही दलों में अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आने लगी है। कहीं राजनीतिक विरासत के सहारे दावेदारी मजबूत की जा रही है तो कहीं पांच बार पार्षद रह चुकीं अनुभवी महिला नेत्रियां अपनी राजनीतिक जमीन के दम पर टिकट की दौड़ में हैं। संगठन से जुड़े नेताओं के परिवार भी इस मुकाबले में पीछे नहीं हैं।
खास बात यह है कि भाजपा के लिए जामुल की यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल है। वर्ष 2023 के नगरीय निकाय चुनाव में दुर्ग जिले की नगर पालिकाओं में जामुल ही एकमात्र ऐसी पालिका थी, जहां भाजपा ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में पार्टी की कोशिश अपने इस राजनीतिक गढ़ को बचाने की होगी। दूसरी ओर कांग्रेस इस बार वापसी की रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में है। इन दोनों के बीच छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी की सक्रियता और निर्दलीय प्रत्याशियों की संभावित भूमिका चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के संकेत दे रही है।
2003 से अब तक… बदलते रहे अध्यक्ष, बदलती रही जामुल की सियासत
जामुल की स्थानीय राजनीति का इतिहास भी कम दिलचस्प नहीं है। वर्ष 2003 में जामुल नगर पंचायत हुआ करता था। उस समय हेमलता साहू ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने कांग्रेस में प्रवेश किया।
वर्ष 2006 में जामुल को नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा मिला। इसके बाद अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रेखराम बंछोर को मिली। उन्होंने भी निर्दलीय से भाजपा में प्रवेश किया और दो बार नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी संभाली। उनके बाद कांग्रेस की सरोजनी चंद्राकर ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में भाजपा के ईश्वर ठाकुर नगर पालिका अध्यक्ष हैं।
यानी जामुल की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस दोनों को सत्ता संभालने का अवसर मिला है। अब सामान्य महिला आरक्षण ने एक बार फिर राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया है।
चुनाव का महत्वपूर्ण गणित
कुल वार्ड : 20
कुल मतदाता : 19,753
अध्यक्ष पद : सामान्य महिला
वर्तमान अध्यक्ष : ईश्वर ठाकुर
प्रमुख मुकाबला : भाजपा बनाम कांग्रेस
संभावित तीसरा मोर्चा : छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी व निर्दलीय
भाजपा में टिकट के लिए घमासान, राजनीतिक विरासत से लेकर संगठन तक दावेदारी
सत्तारूढ़ भाजपा में अध्यक्ष पद के दावेदारों की सूची सबसे ज्यादा चर्चा में है। वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी के भीतर कई नाम अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय हैं। इनमें कुछ चेहरे राजनीतिक परिवारों से जुड़े हैं तो कुछ लंबे समय से संगठन और स्थानीय राजनीति में अपनी पहचान रखते हैं।
भाजपा के संभावित दावेदार : किसका कितना दम?
- सीमा ईश्वर ठाकुर : वर्तमान अध्यक्ष परिवार का दावा
वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर की पत्नी सीमा ईश्वर ठाकुर का नाम सबसे पहले चर्चा में है। ईश्वर ठाकुर पूर्व में दो बार युवा मोर्चा अध्यक्ष और जामुल मंडल अध्यक्ष की वाही जिला मंत्री जिम्मेदारी निभा चुके हैं। ऐसे में वर्तमान अध्यक्ष के परिवार की ओर से अध्यक्ष पद पर दावेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- जामिन बंछोर : दो बार के अध्यक्ष परिवार की राजनीतिक विरासत
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रेखराम बंछोर की पत्नी जामिन बंछोर भी दावेदारों में शामिल हैं। जामिन स्वयं पार्षद रह चुकी हैं, जबकि उनके पति दो बार पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में पुराने राजनीतिक अनुभव और स्थानीय संपर्क उनकी दावेदारी का आधार हैं।
- श्रीमती शशि ठाकुर : जंक्शन से भाजपा तक लगातार सक्रिय परिवार ।
दावेदारों की सूची में यह नाम एक मजबूत नाम है, श्रीमती शशि ठाकुर पूर्व उपाध्यक्ष पूर्व एल्डरमैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता की धर्मपत्नी है , इस परिवार को क्षेत्र में जनसंघ और भाजपा की नींव माना जाता है।
4.कविता विश्वाल : पांच बार की पार्षद का अनुभव
पांच बार पार्षद निर्वाचित हो चुकीं कविता विश्वाल का नाम भी मजबूती से सामने आ रहा है। लंबे राजनीतिक अनुभव और स्थानीय स्तर पर सक्रियता के चलते उन्हें भाजपा के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है।
5 अनुराधा संजय शर्मा : संगठनात्मक संपर्क का सहारा
संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संजय शर्मा की पत्नी अनुराधा संजय शर्मा भी अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। संजय शर्मा स्वयं पूर्व पार्षद रह चुके हैं। संगठन में उनके संपर्कों के चलते अनुराधा का नाम भी चर्चा में बना हुआ है।
- पूनम जोगेश्वर सोनी : सामाजिक सक्रियता और राजनीतिक अनुभव ।
पूर्व जामुल मंडल अध्यक्ष और वर्तमान जिला कार्यकारिणी सदस्य जोगेश्वर सोनी की पत्नी पूनम जोगेश्वर सोनी का नाम भी महत्वपूर्ण दावेदारों में लिया जा रहा है। जोगेश्वर सोनी की स्थानीय स्तर पर सामाजिक सक्रियता और राजनीतिक पहचान के चलते उनकी दावेदारी को लेकर चर्चा है।
- अरुणा हेमंत देवांगन : संगठन से जुड़ा परिवार
भाजपा जिला सह कोषाध्यक्ष हेमंत देवांगन की पत्नी अरुणा हेमंत देवांगन का नाम भी संभावित प्रत्याशियों में शामिल है। पार्टी संगठन में हेमंत देवांगन की भूमिका को देखते हुए यह नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में है।
- नमिता देवांगन : नए चेहरे के रूप में दावेदारी
जामुल मंडल महामंत्री ध्रुव देवांगन की पत्नी नमिता देवांगन का नाम भी तेजी से सामने आया है। ध्रुव देवांगन वर्तमान में मंडल महामंत्री होने के साथ पूर्व जिला कार्यकारिणी सदस्य भी रह चुके हैं। ऐसे में नमिता को नए चेहरे के रूप में आगे लाने की चर्चा है।
भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन सभी दावेदारों के बीच किसी एक नाम पर सहमति बनाने की होगी। वर्तमान अध्यक्ष परिवार, पूर्व अध्यक्ष परिवार, पांच बार की पार्षद और संगठन से जुड़े परिवारों के बीच टिकट का फैसला आसान नहीं दिख रहा। राज्य में भाजपा की सरकार होने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर उत्साह जरूर है, लेकिन स्थानीय चुनाव में केवल सत्ता का समीकरण ही काफी नहीं होगा। प्रत्याशी की व्यक्तिगत पकड़ और वार्डों में स्वीकार्यता भी निर्णायक होगी।
कांग्रेस में भी कम नहीं दावेदार, अनुभवी महिला नेत्रियों ने ठोकी ताल
भाजपा की तरह कांग्रेस में भी अध्यक्ष पद के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं। पार्टी के पास वर्तमान पालिका उपाध्यक्ष से लेकर पूर्व अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व एल्डरमैन तक के चेहरे मौजूद हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए भी प्रत्याशी चयन राजनीतिक संतुलन की बड़ी परीक्षा होगी।

कांग्रेस के संभावित दावेदार : अनुभव और जनाधार की लड़ाई
- सुनीता चेन्नेवार : उपाध्यक्ष पद का अनुभव, परिवार की राजनीतिक पकड़
कांग्रेस की ओर से वर्तमान नगर पालिका उपाध्यक्ष सुनीता चेन्नेवार का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। वह दो बार पार्षद रह चुकी हैं और पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखती हैं। उनकी बेटी निशा चेन्नेवार वार्ड क्रमांक-2 से पार्षद हैं, जबकि उनके पति स्वर्गीय मधुकर राव भी पार्षद रह चुके हैं। परिवार की अलग-अलग वार्डों में राजनीतिक मौजूदगी उनकी दावेदारी को महत्वपूर्ण बनाती है।
- सरोजनी चंद्राकर : पूर्व अध्यक्ष का अनुभव
वर्तमान वार्ड क्रमांक-4 की पार्षद और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सरोजनी चंद्राकर भी कांग्रेस की प्रमुख दावेदार हैं। अध्यक्ष पद पर पूर्व में जिम्मेदारी निभाने का अनुभव और पालिका की कार्यप्रणाली की समझ उनके पक्ष में जाती है।
- रामप्यारी वर्मा : तीन बार की पार्षद और नेता प्रतिपक्ष
तीन बार पार्षद रह चुकीं रामप्यारी वर्मा भी अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी रख रही हैं। वह पूर्व पालिका उपाध्यक्ष और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष हैं। पालिका की कार्यप्रणाली की गहरी समझ उनके लिए महत्वपूर्ण पक्ष है। उन्होंने इसी कार्यकाल में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में प्रवेश किया है।
- साहिबा करीम खान : 28 वर्षो से पार्टी के लिए समर्पित
वर्तमान वार्ड क्रमांक- 1 की पार्षदमहिला सामान्य सीट होने के कारण अपनी दावेदारी मजबूत कर रही है जबकि उनके पति करीम खान 3 बार के ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री निभा चुके है l - धनेश्वरी तिलेश्वर देवांगन : पार्षद के रूप में सक्रिय
वार्ड क्रमांक-8 की पार्षद धनेश्वरी तिलेश्वर देवांगन भी कांग्रेस की संभावित दावेदारों में शामिल हैं। उन्होंने भी इसी कार्यकाल में भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है।
- द्रौपदी साहू : समाज के समीकरणों में अहम नाम
पूर्व एल्डरमैन द्रौपदी साहू का नाम भी कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों में चर्चा में है। साहू समाज की ओर से उनकी दावेदारी को लेकर समर्थन की चर्चा है। ऐसे में सामाजिक समीकरणों के लिहाज से उनकी दावेदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस के सामने भी अनुभवी चेहरों में से किसी एक को चुनने की चुनौती है। सुनीता चेन्नेवार और सरोजनी चंद्राकर जैसे नामों के साथ रामप्यारी वर्मा, साहिबा करीम खान की दावेदारी पार्टी के अंदर मुकाबले को दिलचस्प बना रही है। वहीं अन्य दावेदार भी अपने राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों के आधार पर टिकट की उम्मीद लगाए हुए हैं।
जोहार पार्टी की एंट्री से बढ़ेगी मुकाबले की दिलचस्पी, निर्दलीय भी हो सकते हैं निर्णायक
जामुल नगर पालिका चुनाव में इस बार छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी की ओर से सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारने के साथ अध्यक्ष पद के लिए भी मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतारने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय निकाय चुनावों में कई बार पार्टी से ज्यादा प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि, जनसंपर्क और वार्ड में पकड़ मायने रखती है। ऐसे में निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका को भी कम करके नहीं आंका जा सकता। यदि मजबूत स्थानीय चेहरे निर्दलीय मैदान में उतरते हैं तो वे भाजपा और कांग्रेस दोनों के वोट बैंक में सेंध लगा सकते हैं।
किसके सिर सजेगा अध्यक्ष पद का ताज?
फिलहाल जामुल में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज है। भाजपा और कांग्रेस के संभावित दावेदार अपने-अपने स्तर पर संगठन के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंच बना रहे हैं। सामाजिक बैठकों, राजनीतिक संपर्कों और स्थानीय समीकरणों के बीच टिकट की दौड़ लगातार दिलचस्प होती जा रही है।
भाजपा के सामने 2023 की जीत को दोहराने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस के लिए यह अपनी खोई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने का अवसर है। सामान्य महिला सीट होने से महिला नेतृत्व को आगे आने का मौका मिला है, लेकिन असली परीक्षा पार्टी के लिए ऐसा चेहरा चुनने की होगी जिसे 20 वार्डों में स्वीकार्यता मिल सके।
जामुल में इस बार मुकाबला सिर्फ दो राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक विरासत, संगठन की ताकत, व्यक्तिगत जनाधार और सामाजिक समीकरणों के बीच होने जा रहा है। दावेदारों की फेहरिस्त लंबी है, लेकिन अध्यक्ष पद का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला टिकट की घोषणा और फिर मतदाताओं के जनादेश से ही होगा।











